भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डॉक्टर पर अपनी ही महिला मरीज के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है, लेकिन आरोपी डॉक्टर फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक शादीशुदा पीड़िता ग्वालियर की रहने वाली है और पिछले सात महीनों से उसका चर्म रोग का इलाज डॉक्टर अमरीश सेंगर के पास चल रहा था। आरोप है कि डॉक्टर ने बेहतर इलाज का भरोसा देकर उसे भोपाल बुलाया। यहां एक होटल में ठहरने के दौरान खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और फिर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
होश में आने के बाद महिला को अपने साथ हुई घटना का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने भोपाल के एमपी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर चिकित्सा पेशे की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार डॉक्टर को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

