छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की लालच में दूल्हा पक्ष ने पूरी शादी तोड़ दी। नौगांव रोड स्थित शांति मैरिज हाउस में टीकमगढ़ के पलेरा क्षेत्र से आए लड़की पक्ष ने अपनी बेटी नीतू की बारात का स्वागत किया था। सब कुछ सामान्य चल रहा था, जयमाला भी हो चुकी थी, लेकिन तभी दूल्हा गौरव के पिता ने अचानक 10 लाख रुपये कैश दहेज की मांग रख दी।
दुल्हन पक्ष ने हाथ जोड़कर गुहार लगाई, मिन्नतें कीं, खर्च का हवाला दिया, लेकिन दूल्हे के पिता किसी भी कीमत पर अपनी मांग से पीछे नहीं हटे। बात बढ़ी तो दूल्हा खुद शादी के मंडप से फरार हो गया और पूरा बारात दल भी रातों-रात वापस लौट गया।
खुशियों से भरी शादी पलभर में मातम में बदल गई। 11 लाख से ज्यादा खर्च कर चुकी दुल्हन का परिवार सदमे में टूट गया। गुस्से और दुख से भरे परिजनों ने मैरिज गार्डन के बाहर हाईवे पर जाम लगा दिया और न्याय की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को शांत कराया और दुल्हन पक्ष की शिकायत पर दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया। दुल्हन का कहना है कि उनका परिवार पहले ही लाखों खर्च कर चुका है, लेकिन दूल्हे का लालची पिता अतिरिक्त 10 लाख न मिलने के कारण शादी तोड़कर चला गया।

