कर्ज से जल्द छुटकारा पाने जंगल में खोली फैक्ट्री अशोकनगर में साढ़े तीन किलो एमडी ड्रग्स 45 किलो केमिकल और हथियार जब्त दो गिरफ्तार

इंदौर। अशोकनगर जिले में इंदौर नारकोटिक्स विंग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदेरी थाना क्षेत्र में एमडी ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जंगल से सटे गांव में चल रहे इस गोरखधंधे से भारी मात्रा में तैयार ड्रग्स, केमिकल और हथियार बरामद किए गए हैं, वहीं मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सोमवार रात इंदौर नारकोटिक्स विंग की करीब 15 सदस्यीय टीम ने चंदेरी थाना क्षेत्र के कड़राना गांव में राघवेंद्र परमार के घर पर छापा मारा, जहां गुप्त तरीके से एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री चलाई जा रही थी, छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 1 किलो 282 ग्राम ठोस एमडी ड्रग्स, 2 किलो 579 ग्राम तरल एमडी ड्रग्स और करीब 45 किलो केमिकल व ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए।

कार्रवाई में राघवेंद्र परमार और प्रियांशु जैन को गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से जंगल से लगे इलाके में नशे का कारोबार चला रहे थे, तलाशी के दौरान प्रियांशु के पास से 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और दो मैगजीन भी जब्त की गईं, इसके साथ ही भोपाल आरटीओ नंबर की एक कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

जिले में पहली बार स्थानीय स्तर पर ड्रग्स फैक्ट्री पकड़े जाने से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कर्ज में डूबे हुए थे और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने एमडी ड्रग्स बनाने का रास्ता चुना, अलग-अलग केमिकल जुटाने के दौरान ही उनकी गतिविधियां नारकोटिक्स की नजर में आ गईं और आखिरकार पूरी फैक्ट्री का भंडाफोड़ हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *