इटारसी। देश का आम बजट पेश होने से पहले मध्यप्रदेश के इटारसी के ग्राम सुपरली निवासी किसान योगेंद्र सोलंकी ने अपनी अनोखी कला से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है, उन्होंने अनाज और प्राचीन व वर्तमान सिक्कों की मदद से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की खूबसूरत तस्वीर तैयार की है, जो इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस कलाकृति में धान, राजगिरा, तिल, अलसी के साथ 50–60 के दशक के पुराने सिक्कों और प्राचीन मुद्रा कोंडी का इस्तेमाल किया गया है, योगेंद्र सोलंकी का कहना है कि यह रचना बजट से देश में समृद्धि, खुशहाली और आर्थिक मजबूती की उम्मीद का प्रतीक है, साथ ही उन्होंने कामना की है कि बजट से किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिले।
योगेंद्र सोलंकी ने यह सुझाव भी दिया है कि पुराने सिक्कों और प्राचीन मुद्राओं को संरक्षित करने के लिए जिला स्तर पर संग्रहालय या बैंकों में प्रदर्शनी लगाई जानी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास से जुड़ सके, गौरतलब है कि इससे पहले भी वे अनाज से कई राष्ट्रीय नेताओं और महापुरुषों की तस्वीरें बना चुके हैं।
आम बजट 2026 को लेकर सरकार की बड़ी घोषणाओं की बात करें तो हाई स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने की योजना सामने आई है, बायो फार्मा सेक्टर को बड़ा प्रोत्साहन देने की बात कही गई है, बड़े टेक्सटाइल पार्क स्थापित किए जाएंगे, कैंसर और शुगर की दवाओं की कीमतें कम करने का संकेत दिया गया है, शहरी आर्थिक क्षेत्रों पर हर साल भारी निवेश की योजना है, खनिज कॉरिडोर के निर्माण और नए जल मार्ग विकसित करने की तैयारी है, एमएसएमई सेक्टर के लिए विशेष पैकेज का ऐलान किया गया है, केमिकल पार्क बनाए जाएंगे और महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना शुरू करने की भी घोषणा की गई है।

