खेत में काम कर रहे किसान पर जंगली भालू का हमला चीख पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण अस्पताल में कराया गया भर्ती

 सतना। जिले के चित्रकूट स्थित बरौंधा वन परिक्षेत्र के केल्हौरा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान पर अचानक जंगली भालू ने हमला कर दिया, इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए मझगवां अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक केल्हौरा गांव निवासी 50 वर्षीय रामकिशोर मवासी सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में रोजमर्रा का कृषि कार्य कर रहे थे, तभी पास के जंगल से निकलकर आए जंगली भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया, इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते भालू ने अपने नुकीले पंजों और दांतों से उनके हाथ और पैर पर वार कर दिया।

हमले के बाद रामकिशोर जमीन पर गिर पड़े और बुरी तरह लहूलुहान हो गए, उनकी चीख पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़े, लोगों की आवाज और हलचल देखकर भालू कुछ देर बाद जंगल की ओर भाग गया, इसके बाद ग्रामीणों ने घायल किसान को उठाकर तुरंत मझगवां अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि रामकिशोर के हाथ और पैर में गहरे घाव हैं, कई जगह टांके लगाए गए हैं और हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि फिलहाल उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

घटना के बाद केल्हौरा और आसपास के गांवों में डर का माहौल बना हुआ है, ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से जंगल के आसपास भालुओं की आवाजाही बढ़ गई है, लेकिन इस तरह का जानलेवा हमला पहली बार सामने आया है, मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है और अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में टीम भेजकर भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *