भोपाल। मध्यप्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कंपनी में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है और फर्जी कंपनी के डायरेक्टर ऋषिकेश राय को नोएडा से गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि रायनेट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खातों में करीब 2062 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है, जिससे ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
एमपी एसटीएफ अब तक इस मामले में 16 आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है जबकि गिरोह का मुख्य आरोपी नवाब उर्फ लवीश चौधरी फरार है और फिलहाल यूएई में रह रहा है।
मुख्य आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और एसटीएफ ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया है, वहीं उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नवाब उर्फ लवीश चौधरी अपने एजेंटों के साथ मिलकर अपंजीकृत कंपनियों YORKER CAPITAL, YORKER FX, YFX, QFX और BOTBRO में निवेश पर हर महीने 6 से 8 प्रतिशत निश्चित रिटर्न का लालच देकर निवेशकों को फंसाता था।
निवेशकों से यूएसडीटी के जरिए फोरेक्स ट्रेडिंग और अविनियमित निवेश के नाम पर रकम ली जाती थी और यह राशि रायनेट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खातों में जमा कराई जाती थी।
इस पूरे मामले में भोपाल एसटीएफ थाने में अपराध क्रमांक 39/2024 दर्ज किया गया है और जांच के लिए एसटीएफ मुख्यालय स्तर पर उप पुलिस अधीक्षक जगदीश सिंह सिद्धू के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया है।

