भोपाल। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर लगे यौन शोषण के आरोपों के बाद देशभर में विरोध और समर्थन दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में भोपाल के झरनेश्वर महादेव मंदिर में उनके समर्थन में हवन आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस नेता अमित शर्मा सहित कई पुजारी और श्रद्धालु शामिल हुए।
समर्थकों का कहना है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को झूठे प्रकरण में फंसाया जा रहा है। हवन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि माघ मेले के विवाद के बाद अचानक आरोप सामने आए हैं और अब कई बटुक भी सामने आ गए हैं, लेकिन अब तक इस तरह के आरोप नहीं थे। उनका दावा है कि सभी आरोप निराधार और बेबुनियाद हैं। इस दौरान योगी आदित्यनाथ की सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना भी की गई।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का मध्य प्रदेश से विशेष जुड़ाव बताया जाता है। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव स्थित झोतेश्वर आश्रम से उनका गहरा संबंध रहा है। उनके गुरु स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती भी इसी आश्रम में निवास करते थे और समय-समय पर अविमुक्तेश्वरानंद भी यहां पहुंचते रहे हैं। भोपाल के झरनेश्वर महादेव मंदिर में भी उनका आगमन होता रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच समर्थन और विरोध की आवाजें तेज होती जा रही हैं और मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुका है।

