ग्वालियर। मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर “औकात” शब्द को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस बार आरोप प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पर लगे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट रोहित गुप्ता ने मंत्री पर “औकात में रहने” जैसे अपशब्द बोलने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसी को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।
दरअसल आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता अपने कार्यकर्ताओं और कुछ स्थानीय लोगों के साथ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के रेसकोर्स रोड स्थित सरकारी बंगले पर पहुंचे थे। यहां किसी मुद्दे को लेकर बातचीत के दौरान माहौल अचानक गर्म हो गया और दोनों के बीच बहस तेज हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुस्से में रोहित गुप्ता से कहा – “तुम्हारी औकात क्या है।” यह शब्द सुनते ही वहां मौजूद कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद मंत्री के पीएसओ ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की।
घटना के दौरान मौजूद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी मंत्री पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि “हमने ही आपको मंत्री बनाया था और आज हमें ही औकात बताई जा रही है। अगली बार आप मंत्री नहीं बन पाएंगे।” यह सुनते ही मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर बिना कोई और जवाब दिए अपने बंगले के अंदर चले गए।
इस पूरे विवाद को लेकर रोहित गुप्ता ने आरोप लगाया है कि वह अपने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों के साथ मंत्री के पास एक गंभीर शिकायत लेकर पहुंचे थे। उनका कहना है कि गौरव बाजपेयी नाम का एक कथित भूमाफिया खुद को ऊर्जा मंत्री का समर्थक बताता है और उसने ओबीसी महासभा के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार के फ्लैट पर जबरन कब्जा कर लिया है।
रोहित गुप्ता का कहना है कि इस मामले में पुलिस भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। जब भी गौरव बाजपेयी से फ्लैट खाली करने के लिए कहा जाता है तो वह मंत्री के बंगले पर आकर बात करने की बात कहता है। इसी शिकायत को लेकर जब मंत्री से चर्चा की जा रही थी तो वह नाराज हो गए और विवाद की स्थिति बन गई।
रोहित गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री के संरक्षण में ही ऐसे भूमाफिया पनप रहे हैं। उनका कहना है कि इस पूरे मामले को लेकर जल्द ही पार्टी के स्तर पर बैठक की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और आम आदमी पार्टी के नेता रोहित गुप्ता के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।

