सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के बारा पत्थर गांव में किसान की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में अब एक सनसनीखेज सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। फुटेज में हिस्ट्रीशीटर बदमाश चंदन यादव अपने दो नकाबपोश साथियों के साथ इस खौफनाक वारदात को अंजाम देता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी बाइक से गांव पहुंचे थे और पहचान छिपाने के लिए अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तीनों आरोपी बाइक से घटनास्थल के पास पहुंचते हैं। इसके बाद उनमें से दो आरोपी पिस्टल लोड करते हुए किसान के घर के अंदर घुस जाते हैं, जबकि तीसरा आरोपी बाइक स्टार्ट कर बाहर खड़ा रहता है, ताकि वारदात के बाद तुरंत फरार हो सके। कुछ ही देर में गोलियों की ताबड़तोड़ आवाजें गूंजने लगती हैं और गांव में अफरा-तफरी मच जाती है।
जानकारी के मुताबिक उस समय किसान अभय उर्फ बबलू यादव अपने घर की छत पर सो रहे थे। हमलावर सीधे छत पर पहुंचे और उन पर लगातार फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी में अभय उर्फ बबलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव और उसका एक साथी तेजी से घर से बाहर भागे और भागते समय उन्होंने दुकान में बैठे मृतक के बेटे राणा यादव पर भी फायरिंग कर दी। इस हमले में राणा यादव के दाहिने पैर में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक यह पूरी वारदात एक मामूली विवाद की रंजिश में अंजाम दी गई। बताया जा रहा है कि 4 मार्च को आरोपी चंदन यादव के छोटे भाई शरद यादव ने मोहल्ले में गाली-गलौज की थी। इस पर किसान अभय उर्फ बबलू यादव ने उसे डांटते हुए दो थप्पड़ मार दिए थे। इसी बात से नाराज शरद यादव ने अपने फरार भाई चंदन यादव को उकसाया और फिर इस खौफनाक हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी चंदन यादव एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश है, जिस पर हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले से एक मामले में सजा काट रहा था और दिसंबर 2025 में एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन तय समय पर वापस जेल नहीं लौटा और तब से फरार चल रहा था।
फिलहाल पुलिस के हाथ लगे इस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

