ग्वालियर। मध्य प्रदेश में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पैसों के लालच में एक बेरोजगार युवक ने खुद को इनकम टैक्स का बड़ा अफसर बताकर युवती से शादी रचा ली और दहेज के रूप में करीब 40 लाख रुपये ऐंठ लिए। शादी के बाद भी उसकी लालच खत्म नहीं हुई और वह लगातार और पैसों की मांग करता रहा, लेकिन 21 महीने बाद उसकी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
पीड़िता ने महिला थाना पुलिस को बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2024 को ग्वालियर के हरिहर निवासी महावीर अवस्थी से हुई थी। शादी से पहले आरोपी ने खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताया था। अफसर दामाद मिलने की खुशी में युवती के परिवार ने धूमधाम से शादी की और इस दौरान 40 लाख रुपये से ज्यादा खर्च कर दिए।
शादी के बाद आरोपी अक्सर यह कहकर घर से निकल जाता था कि उसकी कोलकाता में ड्यूटी है और छुट्टी खत्म होते ही लौटना पड़ेगा, लेकिन बाहर रहने के दौरान वह पत्नी के फोन भी नहीं उठाता था। कुछ समय बाद आरोपी और उसके परिवार ने युवती से 70 लाख रुपये और एक कार की मांग शुरू कर दी, जिससे पीड़िता को शक होने लगा कि उसके साथ दहेज के नाम पर ठगी की गई है।
जब युवती ने अपने पति के इनकम टैक्स अफसर होने की जानकारी जुटानी शुरू की तो सच्चाई सामने आ गई। जांच में पता चला कि महावीर अवस्थी कोई अफसर नहीं बल्कि बेरोजगार युवक है। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली में भी इसी तरह की जालसाजी का मामला दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने दिल्ली में भी खुद को अफसर बताकर शादी का झांसा दिया और पैसे ऐंठने की कोशिश की थी, जहां वह गिरफ्तार होकर फिलहाल जेल में बंद है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति के साथ-साथ ससुर राधेश्याम अवस्थी, सास सुनीता अवस्थी और देवर विशाल अवस्थी के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

