जबलपुर। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब विदेशों में फंसे भारतीयों पर भी दिखाई देने लगा है। मध्यप्रदेश के जबलपुर के चार व्यापारी परिवार इस समय दुबई में फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि हालात बिगड़ने के चलते दुबई एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जिससे उनकी वापसी संभव नहीं हो पा रही है।
जानकारी के अनुसार ये सभी व्यापारी परिवार एक साथ घूमने के लिए दुबई गए थे और 28 फरवरी को भारत लौटने वाले थे। लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण उनकी फ्लाइट रद्द हो गई। जबलपुर के व्यापारियों ने एक वीडियो जारी कर वहां के हालात साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि जहां वे ठहरे हुए हैं वहां फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन अनिश्चितता बनी हुई है।
व्यापारियों का कहना है कि उनके पास मौजूद पैसे धीरे-धीरे खत्म हो रहे हैं और होटल्स ने अपने चार्ज तीन गुना तक बढ़ा दिए हैं। ऐसे में आर्थिक दबाव भी बढ़ता जा रहा है। वीडियो के माध्यम से उन्होंने भारत सरकार से सुरक्षित वापसी के लिए मदद की अपील की है। दुबई में फंसे व्यापारियों में प्रशांत विश्वकर्मा, शैलेश जैन, प्रवीण जैन और संजय सिंघई शामिल हैं।

