लखनऊ। Chaudhary Charan Singh International Airport पर कस्टम अधिकारियों ने नशे की एक बड़ी खेप पकड़कर तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। चेकिंग के दौरान एक यात्री के पास से करीब 6.239 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 6.23 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई खुफिया सूचना और यात्री सूची के आधार पर की गई। रात करीब 10 बजकर 35 मिनट पर AirAsia की फ्लाइट FD-146 से Bangkok से एक संदिग्ध यात्री Lucknow पहुंचा था। शक होने पर एयरपोर्ट पर मौजूद एयर इंटेलिजेंस यूनिट की टीम ने उसे रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर ग्रीन चैनल पर रोक लिया और उसके सामान की गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को यात्री के बैग से सात पारदर्शी वैक्यूम-पैक पाउच मिले, जिनमें हरे रंग के फूल और फलनुमा पदार्थ भरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में यह प्रतिबंधित नशीला पदार्थ गांजा पाया गया, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक बरामद नशीले पदार्थ को NDPS Act 1985 की धारा 43 के तहत जब्त किया गया है। आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि इस तस्करी के पीछे जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

