सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। बरगवां थाना क्षेत्र में एक युवक गंभीर हालत में मिला, जिसका एक पैर कटा हुआ था और हाथ की एक उंगली भी अलग थी। उसके शरीर पर जलाने के निशान थे और वह लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। हालत इतनी नाजुक थी कि उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक घायल युवक की पहचान आजादपुर गांव निवासी संदीप यादव के रूप में हुई है, जो पोखरा गांव के पास घायल अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लेकिन इस मामले ने उस वक्त और रहस्यमयी मोड़ ले लिया जब घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर एक हिरण मृत अवस्था में मिला।
अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या युवक के साथ हुई इस क्रूरता और मृत हिरण का आपस में कोई संबंध है, या फिर यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है। यह संयोग है या किसी संगठित अपराध की कहानी, फिलहाल यह जांच का विषय बना हुआ है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम, बरगवां रेंजर और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंच चुके हैं। पुलिस और वन अमला संयुक्त रूप से पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं।
इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जिले में हो क्या रहा है और क्या अपराधियों में कानून का डर खत्म हो चुका है। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बताए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। अब सबकी नजर जांच पर टिकी है कि इस खौफनाक मिस्ट्री से पर्दा कब उठेगा।

