दतिया। मध्य प्रदेश के Datia जिले के भांडेर क्षेत्र के उनाव गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया, जहां दबंगों ने महिला सरपंच के जेठ के साथ बेरहमी से मारपीट कर अमानवीय व्यवहार किया।
जानकारी के मुताबिक एक युवक के साथ विवाहिता के चले जाने के बाद मामला बढ़ गया, हालांकि महिला ने पुलिस के सामने बयान दिया कि वह अपनी मर्जी से गई थी, जिसके बाद किसी पर मामला दर्ज नहीं किया गया, लेकिन इसी बात से नाराज परिजनों ने कानून अपने हाथ में ले लिया।
गुस्साए लोगों ने सरपंच के जेठ लक्ष्मण प्रसाद वर्मा को पकड़कर पहले जमकर पीटा, फिर उनके चेहरे पर कालिख पोती और गले में जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे बाजार में घुमाया, इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच तेज कर दी गई है, वहीं इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

