प्रेम विवाह का खौफनाक अंत, घर के अंदर मिली पति-पत्नी की लाश से मचा हड़कंप

कुशीनगर.तरया सुजान थाना क्षेत्र के बढ़ई टोला में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक ही घर के अंदर पति-पत्नी के शव संदिग्ध हालात में बरामद किए गए। नजारा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सिहर उठे। घर के फर्श पर महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला, जबकि युवक का शव पास ही फंदे से लटका हुआ पाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतकों की पहचान अरुण और नेहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने कुछ महीने पहले घर से भागकर प्रेम विवाह किया था और लंबे समय से उनके बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। मामले को और गंभीर बनाता है यह तथ्य कि मृतक अरुण के खिलाफ नेहा को भगाने के आरोप में विशुनपुरा थाने में पहले से मुकदमा दर्ज था।

इस दोहरी मौत को लेकर पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से पड़ताल में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *