एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां चार बच्चों की मां पर इश्क का ऐसा बुखार चढ़ा कि वह अपने 20 साल के आशिक के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। घटना के बाद पति थाने पहुंचा और पत्नी के गायब होने की शिकायत दर्ज कराते हुए प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पूरा मामला डीह थाना क्षेत्र के टेकारी दांदू गांव का बताया जा रहा है, जहां रहने वाली सन्नो देवी की सोशल मीडिया पर एक युवक से बातचीत शुरू हुई और देखते ही देखते यह दोस्ती प्यार में बदल गई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं और मोहब्बत की खुमारी इस कदर छा गई कि महिला सब कुछ छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई।
बताया जा रहा है कि जिस वक्त महिला अपने आशिक के साथ घर से निकली, उस समय उसका पति घर पर मौजूद नहीं था। पीड़ित पति राजेश कुमार का कहना है कि उसकी पत्नी घर से जेवर, नकद रुपये और अपनी एक बेटी को साथ लेकर चली गई, जबकि तीन बच्चों को घर पर ही छोड़ गई।
पति ने यह भी आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर शुरू हुई यह दोस्ती धीरे-धीरे उनके पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ गई और अब वह दर-दर भटकने को मजबूर हैं। राजेश कुमार ने कहा कि वह एक तरफ बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी निभा रहे हैं और दूसरी तरफ इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और महिला व उसके प्रेमी की तलाश की जा रही है।

