भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के नगर निगम स्लॉटर हाउस में सामने आए गौकशी मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस केस के मुख्य आरोपी असलम कुरैशी उर्फ असलम चमड़ा को जेल भेज दिया गया है। एसआईटी टीम ने रिमांड अवधि पूरी होने के बाद रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
भोपाल स्लॉटर हाउस मामले में असलम चमड़ा को पहले तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया था। इस दौरान एसआईटी को कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले में महापौर और नगर निगम के अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जिसको लेकर कांग्रेस और हिंदूवादी संगठनों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है और अफसरों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की जा रही है।
एसआईटी की टीम पूरे गौकशी मामले की गहराई से जांच कर रही है। गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में पुलिस मुख्यालय के सामने एक ट्रक से करीब 26 टन मांस जब्त किया गया था। लैब जांच में इस मांस के गोमांस होने की पुष्टि हुई थी। जांच में यह मांस भोपाल नगर निगम के पीपीपी मॉडल पर संचालित जिंसी स्थित आधुनिक स्लॉटर हाउस से जुड़ा पाया गया।
बताया गया कि इस स्लॉटर हाउस को सिर्फ 4 लाख रुपये सालाना किराए पर लाइव स्टॉक फूड प्रोसेसर प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था, जिसका संचालन असलम कुरैशी उर्फ असलम चमड़ा कर रहा था। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

