लोन ठगी का बड़ा खुलासा, डॉक्टर के प्लॉट पर फर्जीवाड़ा कर पिता-पुत्र ने हड़पे 93 लाख

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने लोन ठगी के मामले में पिता-पुत्र की जोड़ी को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक डॉक्टर के प्लॉट को अपना बताकर फाइनेंस कंपनी से 93 लाख रुपये का लोन निकाल लिया।

मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र का है, जहां शेख रईस और उसके बेटे मोहम्मद जुनैद ने चिकित्सक नगर स्थित एक प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री तैयार की। यह प्लॉट असल में डॉक्टर राजरानी खरे के नाम दर्ज था, लेकिन आरोपियों ने नकली आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बनाकर खुद को मालिक बताया।

फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दोनों ने फाइनेंस कंपनी को गुमराह किया और मोटी रकम का लोन हासिल कर लिया।

इस ठगी का खुलासा तब हुआ जब फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन मैनेजर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान सामने आया कि इसी प्लॉट पर पहले भी फर्जीवाड़ा किया जा चुका है और यह कोई पहली वारदात नहीं है।

पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। अब जांच का दायरा बैंक और फाइनेंस कंपनी के अंदरूनी रोल तक पहुंच गया है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *