अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मिलने की मांग को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। हाथ में तिरंगा लिए युवक ने ऐलान कर दिया कि अगर 34 घंटे के भीतर राहुल गांधी उससे मिलने नहीं आए, तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा।
पूरा मामला चंदेरी थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव का है। खागलपुर गांव निवासी लक्ष्मीनारायण लोधी अचानक जियो मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर बैठकर अपना मांग पत्र भी चिपका दिया। इस हाईवोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
लक्ष्मीनारायण ने दावा किया कि उसे गांधी परिवार ने पाला है, लेकिन पिछले 35 सालों से उसकी मुलाकात नहीं हुई। इसी सनक में वह टावर पर चढ़ा और तिरंगा फहराते हुए अपनी जिद पर अड़ा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देने की कोशिश शुरू की। करीब चार घंटे तक चले समझाने-बुझाने और आश्वासन के बाद युवक नीचे उतर आया, तब जाकर पूरा घटनाक्रम खत्म हुआ।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला अशोकनगर दौरे पर थे। ऐसे में युवक का यह कदम पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल मामला शांत हो गया है, लेकिन यह घटना प्रदेशभर में सुर्खियां बटोर रही है।

