ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर से मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो युवकों ने एक युवक को बेरहमी से पीट दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि विवाद की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा शक है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। यह मामला हजीरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
वायरल हो रहे 56 सेकेंड के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक जमीन पर गिरा हुआ है और दो युवक उसे लात-घूंसों से पीट रहे हैं। मारपीट के दौरान युवक से किसी को फोन करने और ‘मिस यू’ का मैसेज भेजने की बात को लेकर सवाल किए जा रहे हैं और उसे गालियां दी जा रही हैं। वीडियो में हमलावर धमकी देते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि तू नहीं बचेगा। हालांकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पिटने वाला युवक और हमला करने वाले युवक कौन हैं।
वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही पुलिस सक्रिय हो गई है और आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अभी तक इस मामले में थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

