भीषण आग से किसान की महीनों की मेहनत राख, 8 एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक

बैतूल। Multai क्षेत्र के ग्राम ऐनस में बीती रात लगी भीषण आग ने एक किसान की महीनों की मेहनत को पल भर में राख में बदल दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि खेत में रखी पूरी गेहूं की फसल देखते ही देखते जलकर खाक हो गई। इस हादसे में किसान को करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार किसान दिनेश चौधरी ने कुछ दिन पहले ही अपनी गेहूं की फसल काटकर खेत में ढेर लगाकर रखी थी। बीती रात अचानक खेत से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग की तेज लपटें उठने लगीं। आसपास के ग्रामीणों ने जब आग देखी तो तुरंत किसान और अन्य लोगों को इसकी सूचना दी।

ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सूखी फसल होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते खेत में रखा पूरा गेहूं जलकर खाक हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक खेत में रखी अधिकांश फसल जल चुकी थी और किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि किसी चिंगारी या अन्य वजह से सूखी फसल में आग लग गई होगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि हुए नुकसान की कुछ भरपाई हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *