लव के लिए कुछ भी करेगा… मां-बाप को नींद की दवा देकर प्रेमी से मिलती थी नाबालिग लड़की, पिता ने रंगे हाथ पकड़ा

गोरखपुर। जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कक्षा आठ में पढ़ने वाली 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा अपने ही माता-पिता को धोखा देकर प्रेमी से मिलने जाया करती थी। आरोप है कि लड़की अपने घरवालों के खाने में नींद की गोलियां मिलाती थी, ताकि मां और दादी गहरी नींद में सो जाएं और वह चुपचाप घर से निकल सके। इस खतरनाक खेल का खुलासा तब हुआ, जब पिता ने बेटी को उसके प्रेमी के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि छात्रा के पिता मुंबई में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं और एक महीने पहले ही घर लौटे थे। घर आने के बाद उन्हें बेटी के व्यवहार पर शक हुआ, क्योंकि वह रोज खाना जल्दी बनवाने पर जोर देने लगी थी। संदेह गहराने पर एक दिन पिता ने खाना नहीं खाया और सोने का नाटक किया। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उन्होंने देखा कि बेटी चुपचाप घर से निकलकर करीब 200 मीटर दूर रहने वाले 22 वर्षीय पड़ोसी युवक के घर पहुंच गई। पिता ने पीछा किया और दोनों को मौके पर पकड़ लिया।

आरोप है कि युवक ने पिता के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद जब पिता ने घर लौटकर बेटी से सख्ती से पूछताछ की, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। नाबालिग ने बताया कि वह पिछले एक साल से युवक के संपर्क में थी। उसी युवक ने उसे मोबाइल फोन और नींद की गोलियां दी थीं, जिनका इस्तेमाल वह मां और दादी को सुलाने के लिए करती थी।

मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों ने स्थानीय थाने में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चूंकि यह मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए पुलिस POCSO एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की संभावना जता रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *