सिंगरौली में बनेगा आधुनिक खेल परिसर, छात्रों को मिलेंगी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं

सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली में खेल सुविधाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है, जहां जिला प्रशासन और Northern Coalfields Limited के बीच 13.29 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक खेल परिसर निर्माण के लिए एमओयू साइन किया गया है।

यह पहल खासतौर पर शासकीय स्कूलों और छात्रावासों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर खेल सुविधाएं देने के उद्देश्य से की गई है, ताकि ग्रामीण और दूरदराज के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिल सके।

इस आधुनिक खेल परिसर में स्विमिंग पूल, बास्केटबॉल कोर्ट, लॉन टेनिस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस पिच जैसी कई अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, साथ ही पार्किंग और अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध होंगी।

इसके अलावा विभिन्न खेलों के लिए प्रशिक्षण अकादमियां भी स्थापित की जाएंगी, जहां अनुभवी कोच युवाओं को ट्रेनिंग देंगे और उन्हें प्रोफेशनल स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इस परियोजना को मध्य प्रदेश आवास एवं अवसंरचना विकास संस्था द्वारा तैयार किया जाएगा और इसके संचालन के लिए एक स्वतंत्र सोसायटी बनाई जाएगी, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर करेंगे।

उम्मीद जताई जा रही है कि यह प्रोजेक्ट मार्च 2027 तक पूरा हो जाएगा और इसके शुरू होते ही सिंगरौली के युवाओं को खेल के क्षेत्र में एक नई दिशा और बड़ा प्लेटफॉर्म मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *