दो मासूमों संग फंदे पर झूलती मिली मां, घर के अंदर का मंजर देख कांप उठे परिजन

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रहली थाना क्षेत्र के ग्राम मैनाई में बीती रात एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। खेत से काम करके लौटे परिजन जैसे ही घर पहुंचे, कमरे का दरवाजा खोलते ही अंदर का भयावह नजारा देखकर चीख-पुकार मच गई।

मृतका की पहचान 27 वर्षीय रचना पति राजेश के रूप में हुई है, जिनके साथ उनके 5 साल के बेटे ऋषभ और 2 साल के बेटे राम के शव भी फंदे से लटके मिले। सूचना मिलते ही रहली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. बसंत नेमा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सागर से एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। शुरुआती जांच में घरेलू कलह को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है, लेकिन महिला ने अपने मासूम बच्चों के साथ इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका जवाब अभी नहीं मिल पाया है। मृतका के भाई रविंद्र लोधी ने बताया कि सुबह घटना की जानकारी मिली, जिससे पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *