अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से सामने आई इस खबर ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है जहां बीते दो दिनों में एक रहस्यमयी बीमारी के चलते 10 से 12 मवेशियों की अचानक मौत हो गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि बीमार मवेशियों में अचानक लार टपकना, पेट का फूल जाना और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दिए और कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो गई, बीमारी तेजी से फैलती देख ग्रामीणों ने एहतियातन अपने मवेशियों को बांधकर रखना शुरू कर दिया है ताकि संक्रमण और आगे न फैले।
पूरा मामला कोतमा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत दूल्ही बांध के मुसवा झोरखी गांव का है जहां सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की चलित टीम मौके पर पहुंची और बीमार व स्वस्थ मवेशियों के ब्लड सैंपल लेकर जांच शुरू की गई, साथ ही एहतियात के तौर पर टीकाकरण भी किया जा रहा है।
बिजुरी के पशु चिकित्सक डॉक्टर गुप्ता का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह मामला फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा हो सकता है लेकिन बीमारी की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लैब जांच आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही निगवानी के पशु चिकित्सक डॉक्टर पांडे को बीमारी की सूचना देकर समय पर टीकाकरण की मांग की थी लेकिन ब्लॉक पशु चिकित्सा अधिकारी की ओर से लापरवाही बरती गई और इसी वजह से हालात बिगड़ते चले गए और दो दिनों में 12 मवेशियों की जान चली गई।
ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर को जानकारी दिए जाने के बाद विभाग हरकत में आया और टीम गांव पहुंची है, फिलहाल बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है और प्रशासन लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

