रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के थाना सुल्तानगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरखंडी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के पास खुले इलाके में आसमान से गिरा एक संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक यंत्र मिला।
अचानक मिले इस उपकरण को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और किसी अनहोनी की आशंका के चलते तुरंत डायल 100 पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
प्राथमिक सुरक्षा जांच के बाद पुलिस ने संदिग्ध यंत्र को सावधानीपूर्वक कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह कोई विस्फोटक या खतरनाक उपकरण नहीं है।
जांच के दौरान सामने आया कि यह एक रेडियोसॉन्ड है, जिसका उपयोग मौसम विज्ञान में किया जाता है।
यह उपकरण मौसम गुब्बारे के जरिए ऊंचाई पर छोड़ा जाता है और तापमान, नमी तथा वायुदाब जैसी अहम जानकारियां मौसम केंद्रों तक भेजता है।
उपकरण पर मौजूद विवरण के अनुसार, यह मलेशिया मौसम विज्ञान विभाग से संबंधित बताया जा रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि तेज हवाओं के चलते यह उपकरण करीब चार हजार किलोमीटर का सफर तय कर मरखंडी क्षेत्र में आकर गिरा।
यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि आसमान में किसी अन्य वस्तु से टकराने या किसी पक्षी द्वारा गुब्बारे को नुकसान पहुंचाने से गुब्बारा फट गया हो, जिससे यह यंत्र जमीन पर गिर गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी डोंगरगढ़ क्षेत्र में मलेशिया मौसम विभाग से जुड़ा इसी तरह का उपकरण गिरने की घटना सामने आ चुकी है।
फिलहाल पुलिस ने इस यंत्र को थाना परिसर में सुरक्षित रखवाया है और पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।

