उज्जैन। उज्जैन के फ्रीगंज क्षेत्र में स्थित होटल साईं दरबार में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ग्राहक को परोसे गए लड्डू के अंदर नाखून का टुकड़ा मिलने का दावा किया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद होटल की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो में महिला लड्डू को तोड़कर दिखाती नजर आ रही है और उसके अंदर से नाखून जैसी नुकीली वस्तु दिखाई दे रही है। महिला ने तुरंत होटल स्टाफ से शिकायत की, जिस पर कर्मचारी ने सफाई देते हुए कहा कि संभव है आटा गूंथते समय किसी का नाखून टूटकर उसमें चला गया हो। हालांकि महिला ने इस जवाब को संतोषजनक नहीं माना और घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह होटल महाकाल मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है, जहां राजस्थानी स्टाइल का दाल-बाफला और लड्डू बाफला खास तौर पर पसंद किए जाते हैं। लेकिन इस घटना के बाद न सिर्फ होटल की स्वच्छता बल्कि उन श्रद्धालुओं की सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ गई है, जो बड़ी आस्था के साथ उज्जैन पहुंचते हैं और यहां भोजन करते हैं।

