जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक और साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने सशस्त्र सीमा बल के एक हवलदार को अपने जाल में फंसा लिया। नए क्रेडिट कार्ड का लालच देकर भेजे गए फर्जी मैसेज में मौजूद लिंक पर जैसे ही हवलदार ने क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से 95 हजार रुपये गायब हो गए।
जबलपुर के चैतन्य सिटी निवासी एसएसबी हवलदार अमित कुमार गुप्ता के मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड जारी होने से जुड़ा एक मैसेज आया था, जिसमें एक लिंक दिया गया था। मैसेज को सही समझकर जैसे ही उन्होंने उस लिंक को खोला, ठगों ने क्रेडिट कार्ड की अहम जानकारी हासिल कर ली और मोबाइल तक पहुंच बना ली। इसके बाद कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से 95 हजार रुपये की रकम निकाल ली गई।
पीड़ित हवलदार ने बताया कि मैसेज पूरी तरह से बैंक से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा था, इसलिए उन्हें किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। लेकिन लिंक पर क्लिक करना भारी पड़ गया और ठगों ने कार्ड की जानकारी का दुरुपयोग कर फ्रॉड ट्रांजेक्शन कर डाले।
घटना की शिकायत मिलते ही घमापुर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और रकम की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।

