नई नवेली बहू की पहली यात्रा में मौत से सामना, चलती CNG कार में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं छह जानें

 शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब शादी के बाद पहली बार बहू को मायके से ससुराल ला रही एक सीएनजी अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। यह हादसा शहडोल चौपाटी के पास सरावगी पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ, जहां चलती कार से धुआं उठता देख लोग दहशत में आ गए और कुछ ही पलों में आग की लपटें भड़क उठीं।

जानकारी के मुताबिक पुरानी बस्ती निवासी रामजी गुप्ता के बेटे की करीब तीन महीने पहले देवसर में शादी हुई थी और परिवार नई बहू को विदा कराकर शहडोल लौट रहा था। इसके लिए विराट कैब की एक सीएनजी अर्टिगा किराए पर ली गई थी, जिसमें ड्राइवर समेत छह लोग सवार थे और उन्हीं में नई नवेली बहू भी मौजूद थी।

जैसे ही कार सरावगी पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हालात भांपते हुए ड्राइवर ने बिना देर किए गाड़ी को सड़क किनारे रोका और सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, उसकी सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और छह लोगों की जान बच गई।

हालांकि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था। घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग इस भयावह मंजर को मोबाइल में रिकॉर्ड करते नजर आए। कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शादी की खुशियों के बीच यह घटना सभी को झकझोर देने वाली बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *