जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक नौवीं कक्षा की छात्रा की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि छात्रा ने जहर खा लिया था, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह मामला रांझी थाना क्षेत्र के बड़ा पत्थर इलाके का है।
परिजनों के मुताबिक छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच के लिए छात्रा के घर पहुंची, जहां उसके कमरे और स्कूल बैग की भी पड़ताल की गई।
इस दौरान परिजनों ने स्कूल की एक टीचर पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि छात्रा बीते दो दिनों से लगातार घर में टीचर द्वारा मारपीट किए जाने की बात बता रही थी और इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान थी। परिवार ने स्कूल जाकर टीचर से बात करने का फैसला भी किया था, लेकिन उससे पहले ही छात्रा ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, ताकि छात्रा की मौत के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

