कत्ल से पहले की पार्टी, फिर सिर में मारी गोली, 24 घंटे में तीसरी हत्या से दहला ग्वालियर

 ग्वालियर। ग्वालियर शहर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है और बीते 24 घंटे में हुई तीसरी हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। ताजा मामला कंपू थाना क्षेत्र के नौगांव मार्ग पुलिया के पास का है, जहां बुधवार रात रेलवे पटरी के पास झाड़ियों में एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक को पीछे से सिर में गोली मारी गई थी और एक खोखा अब भी उसके सिर में धंसा हुआ मिला है। मौके पर शराब की बोतलें और गिलास पड़े मिले हैं, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि हत्या से पहले यहां पार्टी हुई थी।

बुधवार देर रात राहगीरों ने झाड़ियों में खून से लथपथ युवक का शव देखा, जिसकी उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। मृतक आलती-पालथी मारकर बैठा हुआ था और उसका सिर जमीन से टिका हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जो इस खौफनाक हत्या में बदल गया।

पुलिस एक दूसरी थ्योरी पर भी काम कर रही है, जिसमें इसे ब्लाइंड मर्डर माना जा रहा है। आशंका है कि हत्यारे ने युवक को बहला-फुसलाकर मौके पर बुलाया, उसे जमकर शराब पिलाई और नशे में धुत होने के बाद पीछे से उसके सिर में दो से तीन गोलियां दाग दीं। घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद हुई है, जिसका नंबर घाटीगांव के एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर है, जिसकी दो साल पहले मौत हो चुकी है।

मृतक के गले में सोने की चेन, पटिया वाले बाबा का लॉकेट और हाथ में स्मार्टवॉच सुरक्षित मिली है, जिससे यह साफ हो गया है कि हत्या का मकसद लूटपाट नहीं था। हालांकि आरोपी मृतक का मोबाइल फोन अपने साथ ले गए हैं, ताकि पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में पुलिस को परेशानी हो सके।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पहचान संतोष गिरी के रूप में की है, जो घाटीगांव थाना क्षेत्र के जखोदा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है। परिजनों के आने के बाद उनके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और यह जानने में जुटी है कि इस वारदात के पीछे असली वजह क्या थी और हत्या को अंजाम किसने दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *