एमपी के धार में सौहार्द की मिसाल, भोजशाला परिसर में शांति से हुई पूजा और नमाज, सीएम डॉ मोहन यादव ने दिया बड़ा संदेश

धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में स्थित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में बसंत पंचमी का पर्व आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार हिंदू समाज ने सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन किया, जबकि मुस्लिम समाज ने तय समय और निर्धारित स्थान पर जुमे की नमाज अदा की। परिसर में करीब 15 से 17 नमाजियों ने नमाज पढ़ी, वहीं हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा और दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे।

धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने पूरे आयोजन के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर शहरवासियों और जिले के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह पालन किया गया है। पूजा भी शांतिपूर्वक संपन्न हुई और नमाज भी पूरी श्रद्धा के साथ अदा की गई। यह सब जनता के सहयोग से संभव हो पाया। उन्होंने बताया कि दोनों ही समुदायों को पहले से नियत स्थानों की जानकारी दी गई थी और उनके नक्शे भी उपलब्ध कराए गए थे, जिसका सभी ने पालन किया।

प्रशासन के अनुसार नमाजियों की संख्या सीमित रही, जबकि अब तक करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालु भोजशाला परिसर में दर्शन कर चुके हैं। धार पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि बसंत पंचमी के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। लगभग 7 से 8 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे और पैरामिलिट्री फोर्स भी मौके पर मौजूद रही। पूरे दिन किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं बनी और पर्व शांति व सौहार्द के साथ संपन्न हुआ।

शुक्रवार सुबह सूर्योदय की पहली किरण के साथ भोजशाला में पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई। हवन के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद धर्मसभा का आयोजन हुआ, जिसे अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से यहां हिंदू समाज एकत्रित हुआ है, उससे यह स्पष्ट है कि आने वाले समय में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। उन्होंने राजा भोज को महान विद्वान बताते हुए कहा कि उन्होंने यहां गुरुकुल की स्थापना की थी और भविष्य में यहां मां सरस्वती कॉरिडोर का निर्माण भी होगा।

वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पूरी तरह सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि आदेश के अनुसार पूजा भी कराई गई और नमाज भी पूरी शांति और व्यवस्था के साथ संपन्न हुई। सीएम ने इसे प्रदेश में भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों की मजबूत मिसाल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *