बैतूल में 14 गोवंश से भरी पिकअप पकड़ी गई, 70 किमी तक चला फिल्मी स्टाइल पीछा, तस्कर वाहन छोड़कर फरार

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से गोवंश तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महाराष्ट्र के कत्लखानों की ओर ले जाए जा रहे 14 गोवंशों को समय रहते बचा लिया गया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने संदिग्ध पिकअप का पीछा शुरू किया और करीब 70 किलोमीटर तक हाई-स्पीड चेज चलता रहा।

छिंदवाड़ा जिले के लावा घोघरी इलाके से शुरू हुआ यह पीछा मुलताई के पास जाकर खत्म हुआ, जहां कार्यकर्ताओं और पुलिस को देखते ही तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पिकअप में गोवंशों को बेहद क्रूर तरीके से तंग जगह में ठूंसकर बांधा गया था।

मौके पर सभी गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी गौशाला में पहुंचाया गया। मुलताई थाना पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि महाराष्ट्र सीमा से सटे होने के कारण बैतूल क्षेत्र से अवैध रूप से गोवंश तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *