भोपाल में धर्मांतरण का तगड़ा नेटवर्क उजागर, झुग्गी से रॉयल विला तक पहुंचीं दो बहनें

भोपाल। भोपाल में कथित धर्मांतरण नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है, जहां झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली दो सगी बहनों के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक अमरीन और आफरीन नाम की इन बहनों पर आरोप है कि इन्होंने धर्म परिवर्तन का नेटवर्क चलाया और अवैध कमाई के दम पर आलीशान रॉयल विला में घर बना लिया। दोनों के खिलाफ दुष्कर्म करवाने और धर्मांतरण से जुड़े आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई है।

शिकायत के अनुसार दोनों बहनें आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब लड़कियों को निशाना बनाती थीं। नौकरी का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया जाता था। एक युवती और एक महिला ने आगे आकर मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोप है कि झुग्गी बस्ती से निकलकर रॉयल लाइफस्टाइल तक का सफर इसी कथित काली कमाई के जरिये तय किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी युवतियों पर शराब और ड्रग्स लेने का दबाव डालती थीं। अमरीन के मोबाइल फोन से कई संदिग्ध व्हाट्सऐप ग्रुप मिलने की बात कही जा रही है, जिनकी जांच जारी है।

मामले में पुलिस ने अमरीन, आफरीन और चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बिलाल, चानू और यासिर नाम के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़िताओं ने पुलिस को कुछ दस्तावेज और डिजिटल सबूत सौंपे हैं, जिनके आधार पर दावा किया जा रहा है कि कई और युवतियों के भी कथित तौर पर धर्मांतरण कराए गए।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *