‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज से पहले दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस, पीड़ितों ने सुनाई अपनी कहानी

फिल्म The Kerala Story 2 – Goes Beyond की रिलीज से पहले दिल्ली में एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जहां मेकर्स ने देशभर से आए कथित पीड़ितों और उनके परिवारों को एक मंच पर लाकर उनकी आपबीती साझा करवाई। इस कार्यक्रम में उन वास्तविक घटनाओं को सामने रखने की कोशिश की गई, जिन्हें फिल्म का आधार बताया जा रहा है।

इस इवेंट में बंगाल, बिहार, भीलवाड़ा, गंगापुर, राजकोट, उदयपुर, जम्मू, महाराष्ट्र, भोपाल, झारखंड, फरीदाबाद, मेरठ, दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और इंदौर समेत कई शहरों से लोग पहुंचे। आयोजकों के अनुसार 55 लड़कियों और 33 परिवारों ने अपने अनुभव साझा करने के लिए आगे आकर बयान दिए। मंच पर 49 पीड़ित और उनके परिजन मौजूद थे, जबकि अन्य लोग दर्शकों के बीच बैठे रहे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म की टीम भी मौजूद रही, जिसमें प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह, डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह और को-प्रोड्यूसर आशिन ए. शाह शामिल थे। साथ ही फिल्म की लीड कास्ट में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा भी नजर आईं।

इस सभा को सर्वाइवर्स और उन लड़कियों के परिवारों का साझा मंच बताया गया, जिनकी कथित तौर पर मौत हो चुकी है। कई लोगों ने मीडिया के सामने अपनी दर्दभरी कहानी सुनाई और समाज से इस मुद्दे पर जागरूक रहने की अपील की।

डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म तीन हिंदू लड़कियों की कहानी पर आधारित बताई जा रही है, जिनकी जिंदगी उस समय बदल जाती है जब वे तीन मुस्लिम युवकों के संपर्क में आती हैं और घटनाएं कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करती हैं। फिल्म को कन्नड़ और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज करने की तैयारी है। सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले निर्मित यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *