झोला छाप डॉक्टर की दरिंदगी, फर्जी शादी कर 10 महीने तक युवती का शोषण

 मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया, जहां एक झोला छाप डॉक्टर ने इलाज के बहाने भरोसा जीतकर एक युवती की जिंदगी बर्बाद कर दी, डॉक्टर जिसे भगवान का रूप माना जाता है उसी ने प्यार और शादी का झांसा देकर दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं।

जनवरी 2025 में पीड़िता अपनी बीमारी का इलाज कराने एक क्लीनिक पहुंची थी, जहां उसकी मुलाकात डॉक्टर अरविंद कुमार गौड़ से हुई, शुरुआत में इलाज के नाम पर बातचीत हुई लेकिन धीरे-धीरे डॉक्टर ने मीठी बातों और झूठे वादों से युवती को अपने जाल में फंसा लिया और भरोसा इतना बढ़ा कि युवती उसे अपना सब कुछ मानने लगी।

मार्च 2025 में इस कहानी ने खतरनाक मोड़ लिया, जब डॉक्टर ने बिना किसी कानूनी प्रक्रिया और बिना गवाहों के युवती की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी होने का भरोसा दिलाया, इसके बाद जून 2025 से जनवरी 2026 तक एक किराए के कमरे में पति-पत्नी के नाम पर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया जाता रहा।

लेकिन जैसे ही युवती बीमार होकर अपने घर लौटी, डॉक्टर का असली चेहरा सामने आ गया, उसने फोन बंद कर लिया, नंबर ब्लॉक कर दिया और सारे वादों से मुकर गया, जब युवती सच्चाई जानने उसके गांव पहुंची तो पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है, यह सच सामने आते ही युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई।

इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से उसे गिरफ्तार कर लिया, फिलहाल आरोपी सलाखों के पीछे है और मामले की जांच जारी है, लेकिन इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब भरोसा दिलाने वाले ही धोखा दें तो आखिर आम इंसान किस पर विश्वास करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *