बीजेपी विधायक के वेयरहाउस पर छापा, 500 टन गेहूं मिलने से मचा सियासी हड़कंप

भोपाल। मध्यप्रदेश में गेहूं उपार्जन शुरू होने से पहले बड़ा मामला सामने आया है, जहां बीजेपी विधायक विष्णु खत्री के वेयरहाउस में करीब 500 टन गेहूं मिलने की खबर ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद जांच टीम भगवती वेयरहाउस पहुंची, जहां भारी मात्रा में गेहूं रखा मिला, इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने इस मुद्दे पर बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि यह किसानों के साथ एक बड़ा षड्यंत्र है, उन्होंने कहा कि एक तरफ खेतों में गेहूं कटा पड़ा है और सरकार खरीदी की तारीख आगे बढ़ा रही है, वहीं दूसरी तरफ नेताओं के वेयरहाउस भरे जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि छोटे किसान मजबूरी में अपनी फसल समर्थन मूल्य से कम दाम पर बेचने को मजबूर हो रहे हैं, जबकि बड़े स्तर पर भंडारण कर फायदा उठाने की कोशिश की जा रही है, साथ ही यह आरोप भी लगाया गया कि इसी वेयरहाउस को सरकारी खरीदी केंद्र घोषित किया जाना संदेह को और बढ़ाता है।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है, हालांकि अभी तक बीजेपी या विधायक की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, फिलहाल सबकी नजर प्रशासनिक जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *