इंदौर में बीजेपी नेता के बेटे फरहान पर रेप का केस दर्ज, युवती ने लगाया वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बीजेपी नेता के बेटे फरहान पिता शफुद्दीन शेख के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है। बुदानिया निवासी फरहान के खिलाफ इंदौर के महिला थाने में एक युवती की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस जांच में जुट गई है।

पीड़ित युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी फरहान कैफे की आड़ में युवतियों से संपर्क बनाता था और धीरे-धीरे उनसे नजदीकियां बढ़ाता था। युवती का आरोप है कि आरोपी ने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और इसी आधार पर उसका शोषण किया। इस मामले में धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोप भी सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने भी इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठनों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी फरहान पहले भी विवादों में रह चुका है। इसके बावजूद पहले उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल पीड़िता के कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए जाने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का कहना है कि बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपी की गिरफ्तारी भी हो सकती है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने की बात कह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *