जहां छात्राएं हो रहीं लापता, उसी गर्ल्स हॉस्टल के क्लासरूम में अश्लील गानों पर रील; शिक्षा परिसर की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सोहागपुर क्षेत्र में स्थित माता शबरी शासकीय कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गया है। जिस आवासीय स्कूल से कुछ ही दिनों के अंतराल में दो छात्राएं लापता हुईं, उसी स्कूल के क्लासरूम में एक शिक्षिका द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील गानों पर रील बनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने न केवल शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि परिसर की सुरक्षा, अनुशासन और निगरानी व्यवस्था पर भी गहरी चिंता पैदा कर दी है।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि छात्राएं स्कूल ड्रेस में क्लासरूम के अंदर मौजूद हैं और एक शिक्षिका उनके साथ भोजपुरी गीत “पतली कमरिया मोरी हाय-हाय” पर डांस करती नजर आ रही हैं। एक पवित्र शैक्षणिक माहौल में इस तरह की गतिविधि को लेकर अभिभावकों और समाज में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शिक्षिका ही इस तरह का आचरण करेंगी, तो छात्राओं के चरित्र और मानसिकता पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा।

गौरतलब है कि इसी शिक्षा परिसर से 28 दिसंबर को कक्षा 12वीं की एक छात्रा हॉस्टल से मामा के साथ घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। इस मामले में तत्कालीन हॉस्टल अधीक्षिका की शिकायत पर सोहागपुर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था और जांच अभी चल ही रही थी कि 8 जनवरी को कक्षा 10वीं की एक और छात्रा के लापता होने की घटना सामने आ गई।

जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं की छात्रा अपने नाना और दो सहेलियों के साथ हॉस्टल पहुंची थी। सहेलियां तो अंदर चली गईं, लेकिन छात्रा बहन को बाहर छोड़ने की बात कहकर बाहर निकली और फिर वापस नहीं लौटी। रोल कॉल के दौरान उसकी अनुपस्थिति सामने आते ही प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इसके बाद प्रिंसिपल देवेंद्र श्रीवास्तव ने सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने दूसरे मामले में भी अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक तरफ छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो दूसरी ओर शिक्षिका का यह वायरल वीडियो पूरे शिक्षा परिसर की साख पर बट्टा लगाता नजर आ रहा है। वहीं इस पूरे मामले पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा ने सफाई देते हुए कहा है कि संभवतः बच्चे 26 जनवरी की तैयारी को लेकर अभ्यास कर रहे होंगे और वीडियो उसी दौरान का हो सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *