भोपाल। भोपाल के Hamidia Hospital में हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शादाब गेट पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि क्राइम ब्रांच के साथ चार थानों की पुलिस भी इस मामले में सक्रिय होकर आरोपियों की खोज में लगी है।
पुलिस जांच के दौरान इस मामले में एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। जिस समय अस्पताल परिसर में फायरिंग हुई, उस समय वहां मौजूद तीनों पुलिसकर्मियों के पास कोई हथियार नहीं थे। इस गंभीर चूक के बाद अब कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की तलवार लटकती नजर आ रही है और विभागीय जांच भी तेज कर दी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी शादाब गेट पर पहले से करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा अनस पर एक, अल्लू परवेज पर छह और गुड्डू स्टेशन पर भी छह मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इन सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
इस घटना में शामिल दो संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद हमीदिया अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में पुलिस चौकी तो मौजूद है, लेकिन जरूरत के अनुसार पुलिस बल तैनात नहीं होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब सवा घंटे के भीतर तीन अलग-अलग जगहों पर फायरिंग की और चार थानों के इलाकों से होते हुए निकल गए। जानकारी के मुताबिक अशोक गार्डन इलाके में बदमाशों ने लालू रईस के बेटे को निशाना बनाकर फायरिंग की थी। इसके बाद घायल युवक को परिजन इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहीं इमरजेंसी वार्ड में भी बदमाशों ने खुलेआम गोली चला दी, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में दहशत फैल गई। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

