नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में पुलिस की अनोखी और सख्त रणनीति ने आखिरकार शराब तस्करी के एक शातिर माफिया को घुटनों पर ला दिया और एक महीने से फरार चल रहा आरोपी खुद थाने पहुंचकर सरेंडर करने को मजबूर हो गया।
पुलिस ने आरोपी पर महज 1 रुपये का प्रतीकात्मक इनाम घोषित कर उसकी असली हैसियत समाज के सामने रख दी थी, जिससे न सिर्फ उस पर मानसिक दबाव बना बल्कि उसकी सामाजिक बदनामी भी होने लगी।
आरोपी के खिलाफ कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह चार महीने पहले ही शराब तस्करी के मामले में जेल से बाहर आया था, लेकिन रिहाई के बाद फिर से उसी अवैध धंधे में जुट गया था।
कानून को ठेंगा दिखाने वाले ऐसे अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए उठाया गया यह कदम कारगर साबित हुआ और बदनामी के डर से 1 रुपये का इनामी आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया, जिसके बाद नरसिंहपुर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश कर दिया।

