महागठबंधन में दरार? सीट बंटवारे पर फंसा पेंच, कांग्रेस का सख्त रुख, RJD ने कई उम्मीदवारों से वापस लिया सिंबल, जानें संभावित फॉर्मूला

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के अंदर घमासान तेज हो गया है। सीट बंटवारे को लेकर राजद और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि अब गठबंधन टूट की कगार पर दिखाई दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक, राजद ने जिन उम्मीदवारों को पहले चुनाव चिह्न यानी सिंबल दिया था, उनमें से कुछ का सिंबल सोमवार देर रात वापस ले लिया गया। यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर तनाव अपने चरम पर है।

दिल्ली दौरे के दौरान तेजस्वी यादव राहुल गांधी से मुलाकात नहीं कर सके। तेजस्वी ने कोशिश जरूर की, लेकिन कांग्रेस की ओर से कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिला। राहुल गांधी ने सीधे भेंट करने के बजाय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ करीब डेढ़ घंटे की लंबी बैठक की, लेकिन नतीजा वही रहा — कोई समाधान नहीं निकला।

इसके बाद सोमवार देर रात कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बिहार कांग्रेस नेताओं की मैराथन बैठक हुई। बैठक खत्म होने के बाद नेताओं को दिल्ली में ही रोक लिया गया। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस ने अब साफ कर दिया है — इस बार सीटों की संख्या नहीं, बल्कि क्वालिटी मायने रखेगी। पार्टी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि वह अब कमज़ोर सीटों पर समझौता नहीं करेगी।

अगर महागठबंधन में सीट शेयरिंग का संभावित फॉर्मूला देखा जाए, तो राजद 145 से 147 सीटों, कांग्रेस करीब 60 सीटों और वाम दल 29 सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं, वीआईपी पार्टी को लगभग 12 सीटें मिलने की संभावना है। लेकिन यह फॉर्मूला फिलहाल सिर्फ चर्चा का विषय है, क्योंकि कांग्रेस इसे लेकर तैयार नहीं दिख रही।

महागठबंधन की यह खींचतान अब सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। राजद सांसद मनोज झा ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा —
रहिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो छिटकाय,
टूटे से फिर ना जुड़े, जुड़े गांठ पर जाय।

उनके इस ट्वीट के जवाब में कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने लिखा —
शहर में आग है मगर राख में अब भी रूह है,
कुछ लोग हैं जो मोहब्बत को जिंदा रखे हुए हैं।

इन पोस्ट्स से साफ है कि गठबंधन के भीतर तनाव गहराता जा रहा है, लेकिन दोनों ओर से रिश्ते बचाने की कोशिशें भी जारी हैं।

इधर कांग्रेस ने अपने स्तर पर तैयारी तेज कर दी है। पार्टी अब बिहार की सभी 243 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, राजद ने कांग्रेस को 54 सीटें ऑफर की थीं, लेकिन कांग्रेस ने साफ कर दिया है — 60 से कम किसी भी हालत में स्वीकार नहीं।

आज दिल्ली में कांग्रेस की CEC (सेंट्रल इलेक्शन कमिटी) की अहम बैठक होनी है। उम्मीद की जा रही है कि कांग्रेस आज कुछ विवाद-मुक्त सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। वहीं पार्टी का रुख बिल्कुल साफ है —
इस बार कोई पुराना फॉर्मूला नहीं चलेगा, न कमजोर सीटें ली जाएंगी और न ही बिना सम्मान के समझौता होगा।

अब देखना दिलचस्प होगा कि यह महागठबंधन की दरार आखिर कहां जाकर रुकती है —
क्या कांग्रेस और राजद में फिर तालमेल बनेगा या बिहार की सियासत में नया मोड़ आने वाला है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *