खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के मूंदी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस वक्त एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब सड़क हादसे में घायल दो युवकों को अस्पताल पहुंचाने के लिए लोगों ने ऐसा कदम उठाया जो बिल्कुल 3 Idiots के एक मशहूर सीन की याद दिला गया। घायलों को स्ट्रेचर का इंतजार कराने के बजाय सीधे बाइक सहित इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचा दिया गया, जिससे उन्हें तुरंत इलाज मिल सका और उनकी जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक राजकुमार और भुरू नाम के दो युवक अपनी बाइक से चरूवा मेला घूमने जा रहे थे। मूंदी थाना क्षेत्र के ग्राम पालसूद माल मार्ग पर रेलवे फाटक के पास बने ऊंचे स्पीड ब्रेकर पर उनकी बाइक अचानक उछल गई। संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के दौरान पीछे से आ रहे दो अन्य युवकों ने तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया। उन्होंने समय बर्बाद किए बिना घायलों को अलग-अलग बाइकों पर बैठाया और सीधे मूंदी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंच गए। अस्पताल पहुंचने के बाद स्ट्रेचर बुलाने या औपचारिकताओं में देरी न हो, इसलिए घायल को बाइक सहित सीधे इमरजेंसी वार्ड के अंदर तक ले जाया गया।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने तुरंत दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। समय पर इलाज मिलने से दोनों युवकों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि विशाल राजपूत नाम के युवक ने अपनी गाड़ी से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

