ग्वालियर में दिल दहला देने वाली वारदात: नशे में धुत पति ने कार की मांग को लेकर पत्नी पर फेंका एसिड, गोद में मौजूद 4 महीने की मासूम बेटी और बचाने आए ससुर भी झुलसे, आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद खौफनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक पति ने अपनी ही पत्नी पर एसिड अटैक कर दिया। इस दर्दनाक हमले में पत्नी के साथ-साथ उसकी गोद में मौजूद चार महीने की मासूम बच्ची और उसे बचाने आए ससुर भी झुलस गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहिया बाजार की बताई जा रही है। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता 28 साल की योगिता अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी लोहिया बाजार निवासी मनन अग्रवाल के साथ हुई थी। शादी के समय योगिता के पिता ने अपनी क्षमता से ज्यादा खर्च किया था, लेकिन शादी के बाद से ही सास-ससुर और पति कार की मांग को लेकर उसे लगातार परेशान करने लगे। पति अक्सर कहता था कि शादी में कार मिलनी चाहिए थी और योगिता से अपने पिता से कार मांगने के लिए दबाव बनाता था।

योगिता ने कई बार पति को समझाने की कोशिश की कि उसके पिता के पास अब इतनी आर्थिक क्षमता नहीं है, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना का सिलसिला खत्म नहीं हुआ। समय के साथ पति का व्यवहार और भी आक्रामक होता चला गया और वह छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगा।

बताया जा रहा है कि होली दहन से एक दिन पहले यानी 1 मार्च की रात करीब 9 बजे मनन अग्रवाल नशे की हालत में घर पहुंचा था। घर आते ही उसने फिर से पत्नी पर अपने पिता को फोन कर कार मांगने का दबाव बनाया। जब योगिता ने इसका विरोध किया तो वह गुस्से में बेकाबू हो गया।

आरोप है कि इसी दौरान मनन घर से एसिड की बोतल लेकर आया और गुस्से में पत्नी के ऊपर उछाल दी। एसिड पड़ते ही घर में चीख-पुकार मच गई। इस हमले में योगिता के हाथ, बाएं पैर की पिंडली और जांघ बुरी तरह झुलस गई। उस समय योगिता की गोद में चार महीने की बेटी भी थी, जिसके चेहरे और हाथ पर भी एसिड की बूंदें गिर गईं और वह भी झुलस गई।

जब घर में शोर हुआ तो योगिता के ससुर महेंद्र अग्रवाल बहू और पोती को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन इस दौरान उनके हाथ पर भी एसिड गिर गया और वे भी झुलस गए। घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।

इलाज के बाद योगिता और उसकी मासूम बेटी को मायके वाले अपने साथ डबरा ले गए। लेकिन उससे पहले योगिता ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक छोटी सी मांग और नशे की हालत में उठाया गया यह खौफनाक कदम अब एक परिवार की जिंदगी को दर्द और डर में बदल चुका है। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर इस दरिंदगी के आरोपी को कब तक सजा मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *