जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में डैम में पत्थर से बंधी मिली युवक की लाश के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जहां मृतक के दोस्तों ने ही उसकी मौत का सच छिपाने के लिए शव को कंबल में लपेटकर पत्थर से बांध दिया और बदुआ डैम में फेंक दिया।
जांच में सामने आया कि युवक कपिल की मौत जंगली जानवरों के शिकार के लिए खेत में बिछाए गए करंट की चपेट में आने से हुई थी और इस गैरकानूनी शिकार का राज खुलने के डर से दोस्तों ने यह क्रूर साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक 30 जनवरी को करंट लगने से कपिल की मौत हुई, जिसके बाद एक दिन तक शव को खेत में छिपाकर रखा गया और 31 जनवरी को कंबल और जीआई तार से बांधकर पत्थर के साथ डैम में फेंक दिया गया।
1 फरवरी को परिवार ने युवक की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और चार दिन बाद गोताखोरों की मदद से बदुआ डैम से शव बाहर निकाला गया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
कुंडम थाना पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है, वहीं एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मृतक 30 जनवरी से लापता था और मामले में मर्ग कायम कर विस्तृत जांच की जा रही है।

