तेज रफ्तार 108 एंबुलेंस का कहर, 3 साल के मासूम की दर्दनाक मौत से गांव में मातम

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के कुसमा गांव में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार 108 एंबुलेंस ने तीन साल के मासूम निशांत कुशवाहा को रौंद दिया और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, पठापुर रोड वार्ड नंबर तीन निवासी निशांत अपनी मां के साथ नानी के घर कुसमा गांव आया हुआ था और सुबह करीब आठ बजे नानी के घर के सामने खेल रहा था, तभी छतरपुर की ओर से तेज गति से आ रही 108 एंबुलेंस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद एंबुलेंस चालक वाहन लेकर लवकुशनगर की दिशा में फरार हो गया, जबकि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार एंबुलेंस चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *