डबरा (ग्वालियर) डबरा शहर में नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई थी, लेकिन यह धार्मिक आयोजन देखते ही देखते दर्दनाक हादसे में बदल गया, कलश यात्रा के दौरान भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और करीब पांच महिलाएं घायल हो गईं, घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह आयोजन पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में आयोजक समिति द्वारा कराया जा रहा है और 10 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव में धीरेंद्र शास्त्री, प्रदीप मिश्रा और कुमार विश्वास जैसे संत और कवि शामिल होने वाले हैं, कलश यात्रा स्टेडियम ग्राउंड से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजर रही थी जिसमें एक जैसी साड़ियों में हजारों महिलाएं शामिल थीं।
यात्रा के दौरान एक चौराहे और संकरे मार्ग पर अचानक भीड़ बढ़ गई जिससे अफरा-तफरी मच गई, धक्का-मुक्की में कई महिलाएं गिर पड़ीं और इसी दौरान एक महिला की जान चली गई, घटना की खबर मिलते ही मृतक महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और आयोजकों व पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए हंगामा किया, परिजनों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था नाकाफी थी और भीड़ नियंत्रण के साथ आपात सुविधाओं में भारी कमी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा, स्थिति को संभाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, कलेक्टर रुचिका चौहान और एसपी धर्मवीर सिंह यादव पहले ही तैयारियों का जायजा ले चुके थे, लेकिन इस हादसे के बाद पूरे आयोजन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं आयोजक समिति ने घटना पर दुख जताते हुए मृतक परिवार को हरसंभव मदद देने की बात कही है।

