हरदोई. उत्तर प्रदेश से एक ऐसी अनोखी तस्वीर सामने आई है जिसने हर किसी को हैरान भी किया और मुस्कुराने पर मजबूर भी। सदर तहसील के गौरा डांडा गांव में एक ग्रामीण ने अपनी दो बकरियों का जन्मदिन इतने धूमधाम से मनाया कि पूरा गांव इस जश्न का गवाह बन गया और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गांव के रहने वाले लालाराम श्रीवास्तव ने अपनी दोनों बकरियों के लिए बाकायदा जन्मदिन का आयोजन किया। उन्होंने छपवाकर निमंत्रण कार्ड बांटे और ग्रामीणों को बर्थडे समारोह में शामिल होने का न्यौता दिया। जन्मदिन के मौके पर रामायण और भागवत पाठ का आयोजन कराया गया। दोनों बकरियों को नहलाकर नए कपड़े पहनाए गए और फूल-मालाओं से सजाया गया, मानो किसी खास मेहमान की तैयारी हो।
इसके बाद केक काटा गया और डीजे की धुन पर जमकर डांस हुआ। लालाराम श्रीवास्तव खुद भी झूमते नजर आए और उनके साथ ग्रामीणों ने भी जमकर थिरक कर इस अनोखे जश्न को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों के लिए भोज का भी इंतजाम किया गया।
पूरे समारोह का वीडियो किसी ग्रामीण ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह चर्चा का विषय बन गया। लोग इस अनोखे जश्न पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे पशु प्रेम की मिसाल बता रहा है तो कोई इसे यूपी की गजब कहानी कह रहा है। फिलहाल गौरा डांडा गांव का यह बर्थडे सेलिब्रेशन इलाके में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

