डबरा (ग्वालियर) मध्य प्रदेश के डबरा में एक बार फिर महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां कोचिंग क्लास से लौट रही एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की गई और जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी युवक अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक यह पूरी वारदात डबरा बस स्टैंड के पास एक गली में हुई। छात्रा रोज की तरह कोचिंग से घर लौट रही थी, तभी आरोपी मुकुल जाट ने रास्ते में उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी और उग्र हो गया, उसने छात्रा का मोबाइल छीन लिया, हाथापाई की और “मार डालूंगा” कहकर धमकाने लगा। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और छात्रा की मदद की, लोगों को आता देख आरोपी अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित छात्रा ने तुरंत अपने परिजनों को जानकारी दी और परिवार के साथ सिटी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी मुकुल जाट, निवासी शुक्लहारी, के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, मोबाइल चोरी और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

