चाय का चस्का और खूनी खेल, पत्नी ने इनकार किया तो पति बना हैवान, रोंगटे खड़े कर देगी कत्ल की दास्तां

नरसिंहपुर। भारत में चाय का शौक हर मौसम में लोगों के सिर चढ़कर बोलता है, लेकिन मध्यप्रदेश से सामने आया यह मामला चाय की दीवानगी को खूनी अंजाम तक ले जाने वाला है, जहां चाय देने से इनकार करने पर एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं और अपनी ही पत्नी की चाकू गोदकर हत्या कर दी।

यह सनसनीखेज घटना 9 दिसंबर को नरसिंहपुर जिला मुख्यालय के बजरंग वार्ड की है, जहां लता सोनी का शव उसके ही घर में मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की गर्दन पर चाकू से कई बार वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उसी दिन से मामले की हर एंगल से जांच में जुट गई थी।

हत्या के बाद से ही मृतिका का पति मनोज सोनी फरार चल रहा था और पुलिस को शुरू से ही उस पर शक था। शनिवार को जब पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया तो चौंकाने वाला सच सामने आया और कातिल कोई और नहीं बल्कि महिला का पति ही निकला।

थाना प्रभारी गौरव चांटे के मुताबिक 9 दिसंबर की रात मनोज ने पत्नी लता से चाय बनाने को कहा था, लेकिन पत्नी ने चाय बनाने से मना कर दिया और सो गई। इसी बात से नाराज होकर मनोज का गुस्सा हिंसा में बदल गया और उसने पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *